उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। भटेवर-नवानिया रोड पर एक बाइक की सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। बाइक पर तीन युवक सवार थे और टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान रूद्र नागदा की मौत, दो का इलाज जारी
घायलों में नवानिया निवासी रूद्र नागदा पुत्र अमरा नागदा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अन्य दो घायल तरुण सुथार और शिवलाल गुर्जर का उदयपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
पोस्टमॉर्टम के बाद बढ़ा विवाद, शव को लेकर तनाव
शनिवार को वल्लभनगर सेटेलाइट अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। जब परिजन अंतिम संस्कार के लिए गांव जा रहे थे, तब रास्ते में ग्रामीण उग्र हो गए और शव को ट्रैक्टर मालिक के घर ले जाने की बात पर अड़ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने एंबुलेंस को बीच रास्ते में रोक लिया।
मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग रखी। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई। बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर चार थानों का पुलिस बल तैनात किया गया।
कई थानों का पुलिस बल तैनात
वल्लभनगर, खेरोदा, मावली, फतेहनगर और भींडर थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। करीब तीन घंटे तक पुलिस अधिकारी ग्रामीणों और परिजनों को समझाने में जुटे रहे, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
रुद्र हैदराबाद में करता था नौकरी
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीनों युवक आपस में दोस्त थे। इनमें से दो युवक बाहर नौकरी के लिए जा रहे थे, जबकि तीसरा उन्हें छोड़ने जा रहा था। मृतक रूद्र नागदा हैदराबाद की एक टायर कंपनी में कार्यरत था।
मामला दर्ज, वाहन जब्त, चालक की तलाश जारी
वल्लभनगर थाने के एएसआई रमेश जाट ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर लिया है और ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। प्रशासन द्वारा परिजनों से लगातार समझाइश की जा रही है और सहमति बनने के बाद पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया जाएगा।