खाकी शर्मसार: ASI सुनील बिश्नोई एक लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों धराए, केस दबाने के लिए मांगे थे पैसे


उदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एएसआई को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एएसआई की पहचान सुनील बिश्नोई के रूप में हुई है, जो पहले भी कई विवादों में घिर चुका है। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार आरोपी एएसआई ने रेप के प्रयास और छेड़छाड़ से जुड़े मामले में मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में परिवादी से रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि वह लगातार परिवादी को केस में फंसाने और डराने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रहा था। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर परिवादी ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से शिकायत की।

शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल

एसीबी ने शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। तय योजना के अनुसार रविवार को आरोपी एएसआई सुनील बिश्नोई रिश्वत की रकम लेने उदयपुर स्थित ऑर्बिट रिसॉर्ट की पार्किंग पहुंचा। यहां पहले से तैनात एसीबी टीम ने आरोपी को एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एडिशनल एसपी बोले- जांच जारी

एसीबी के एडिशनल एसपी अनंत कुमार ने बताया कि आरोपी एएसआई से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले भी इसी तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।

ये भी पढ़ें- रात को पत्नी से झगड़े के बाद घर से निकले भाजपा नेता; सुबह पेड़ से लटका मिला शव, शरीर पर मिले चोट के निशान

पहले भी कई विवादों में आ चुका है नाम

बताया जा रहा है कि एएसआई सुनील बिश्नोई का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। सितंबर 2025 में जब वह सुखेर थाने में तैनात था, तब आरडीएक्स क्लब एंड बार में ग्राहकों के साथ बाउंसर्स द्वारा मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगे थे। उस समय एसपी ने उसे हटाकर डीएसपी ऑफिस वेस्ट में अटैच कर दिया था और विभागीय जांच शुरू की गई थी। इसके बाद अक्टूबर 2025 में एक अन्य मामले में लापरवाही सामने आने पर उसे लाइन हाजिर भी किया गया था। अब रिश्वत लेते हुए ट्रैप होने के बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं



Source link