उदयपुर 8 मई 2026। शहर के सवीना थाना क्षेत्र में देर रात कार सवार युवकों के साथ बदमाशों द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना नेशनल हाईवे-48 पर गीतांजलि हॉस्पिटल के पास की बताई जा रही है। हमले में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार निखिल राज सिंह राजावत, शुभम थाडा और अभिषेक राठौड़ अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अन्य कार सवार युवकों से ओवरटेक को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर कमेंट करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
कुछ देर बाद आरोपियों ने उनकी कार को ओवरटेक कर आगे रोक लिया। इसके बाद कार में सवार युवकों को बाहर खींच लिया गया और सरिए, बेसबॉल बैट तथा डंडों से हमला कर दिया। घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश बीच सड़क युवकों को पीटते दिखाई दे रहे हैं। हमले में निखिल राज के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि शुभम के पैर की हड्डी टूट गई। अभिषेक के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। तीनों का निजी हॉस्पिटल में इलाज जारी है।
सवीना थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।