
जलदाय विभाग के समर प्लान का बजट भी मंजूर हो गया है। प्लान के मुताबिक इस बार जिले में गर्मी में पेयजल बंदोबस्त पर 12.24 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। आकस्मिक बंदोबस्त के लिए कलक्टर को 1 करोड़ का बजट भी स्वीकृत किया गया है। विभाग के मुताबिक गर्मी में बढ़ती पेयजल मांग को ध्यान में रखते हुए जल स्रोतों की निगरानी, पंपिंग सिस्टम की मरम्मत, पाइपलाइन सुधार और वैकल्पिक व्यवस्था पर काम किया जा रहा है। शहर सहित जिले में 88 तरह के काम होंगे, जिनमें जरुरत के मुताबिक टेंकर से जलापूर्ति किया जाना भी शामिल है। इसके अलावा शहर में नलकूप, पाईपलाइन और पम्पसेट लगाने पर काम होगा। साथ ही पाइपलाइनों के लीकेज नियंत्रित करने पर भी जोर दिया गया है।