

इस पूरे मामले को लेकर संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड के बाद सरकार ने जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ पूरी तरह से कार्रवाई नहीं हो पाई है।
उदयपुर में प्रेस वार्ता में रखी आंदोलन की रूपरेखा
उदयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान करणी सेना की कार्यकारी अध्यक्ष शिला सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने कहा कि राजस्थान सरकार ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में शीघ्र न्याय दिलाने का वादा किया था। उनके अनुसार अभी तक आरोपियों को पूरी तरह कानून के शिकंजे में नहीं लाया जा सका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में ढुलमुल रवैया अपनाए जाने के कारण बदमाश अब भी खुले घूम रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। उनके अनुसार इस स्थिति से करणी सेना और राजपूत समाज में भारी आक्रोश है।
जयपुर में महापड़ाव की घोषणा
शिला गोगामेड़ी ने बताया कि 29 मार्च को जयपुर में मुख्यमंत्री आवास के बाहर महापड़ाव किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राजस्थान सहित कई अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन न्याय की मांग को लेकर इस आंदोलन को आगे बढ़ाएगा और सरकार से ठोस कार्रवाई की अपेक्षा कर रहा है।
मांगें नहीं मानी गईं तो इच्छा मृत्यु की चेतावनी
प्रेस वार्ता के दौरान शिला गोगामेड़ी ने यह भी कहा कि यदि जयपुर में प्रस्तावित महापड़ाव के बाद भी सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है, तो वे सरकार से इच्छा मृत्यु की मांग करेंगी। उनके इस बयान को संगठन के आंदोलन के अगले चरण की चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
पढ़ें- ‘कोर्ट का क्या फायदा, जब इंसाफ नहीं मिल सकता’: बाड़मेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, हरकत में पुलिस
पंचायत चुनाव को लेकर भी दी चेतावनी
करणी सेना के राष्ट्रीय महामंत्री योगेंद्र सिंह कटार ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द न्याय सुनिश्चित नहीं किया, तो आने वाले राजस्थान पंचायत चुनाव में इसका राजनीतिक असर देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच केंद्र सरकार की एजेंसी से कराने के बजाय राजस्थान सरकार के पुलिस मुखिया दिनेश एम एन से कराने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि संगठन चाहता है कि जांच प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
5 दिसंबर 2023 को हुई थी हत्या
उल्लेखनीय है कि 5 दिसंबर 2023 को जयपुर में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद जयपुर सहित प्रदेश के कई स्थानों पर शहर बंद कर विरोध प्रदर्शन किए गए थे। अब इसी मामले में न्याय की मांग को लेकर श्री राजपूत करणी सेना ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का एलान करते हुए 29 मार्च को जयपुर में मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर महापड़ाव करने की घोषणा की है।