

उदयपुर. रंगों के महापर्व होली को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। सोमवार को शहर में धूमधाम से होलिका दहन होगा। नगर निगम क्षेत्र में इस वर्ष 300 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन की तैयारियां अंतिम चरण में है। शहर के विभिन्न स्थानों पर होली विक्रेताओं और क्रेताओं के बीच मोलभाव होने लगा है।शहर के कुछ मंदिरों और पैलेस में एक माह पूर्व माघ पूर्णिमा पर होलिका रोपण कर दिया गया था। वहीं अधिकतर स्थानों पर होली के दिन सोमवार को ही विधि-विधान के साथ होली रोपण किया जाएगा। इधर होली का पर्व नजदीक आने के साथ ही शहर के मल्लातलाई, शिक्षा भवन चौराहा, सूरजपोल, फतहपुरा, रेती स्टैंड सहित उपनगरीय क्षेत्रों में कई प्रमुख स्थानों पर होली विक्रेता बड़ी संख्या में होली बेचने के लिए पहुंच गए हैं। ये विक्रेता होली, चारा, वडुलियों की माला, गेर खेलने की लकडि़यां आदि की बिक्री भी कर रहे हैं। इन स्थानों पर होली का मोल भाव भी हो रहा है।