Rajasthan News: उदयपुर की योगा टीचर प्रतिभा ने KBC में अमिताभ बच्चन को करवाया योग, जानें कितने रुपये जीते?
Rajasthan News: उदयपुर की योगा टीचर प्रतिभा ने KBC में अमिताभ बच्चन को करवाया योग, जानें कितने रुपये जीते?


झीलों की नगरी उदयपुर की योगा टीचर प्रतिभा सिंह ने लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में अपनी उपस्थिति से खास पहचान बनाई। प्रतिभा ने ज्ञान, आत्मविश्वास और योग के माध्यम से शो में एक यादगार क्षण रचते हुए साढ़े सात लाख रुपये की राशि जीती। इस एपिसोड का प्रसारण 10 और 11 दिसंबर को किया गया।

 

केबीसी के मंच पर ज्ञान और योग का संगम

शो के दौरान प्रतिभा सिंह ने अमिताभ बच्चन के पूछे गए 11 सवालों के सही जवाब देकर साढ़े सात लाख रुपये जीते। इसी दौरान उन्होंने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को योग से जुड़े अभ्यास भी करवाए, जिसने इस एपिसोड को दर्शकों के लिए खास बना दिया।

 

अमिताभ बच्चन को करवाईं योग क्रियाएं

पेशे से योग शिक्षिका प्रतिभा सिंह ने शो के दौरान बिग बी को भ्रामरी प्राणायाम और ताड़ासन की योग क्रियाएं करवाईं। अमिताभ बच्चन ने भी पूरे उत्साह के साथ इन योग क्रियाओं को किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा और यह क्षण सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना।

 

भीम यूपीआई से हुआ चयन, परिवार रहा साथ

प्रतिभा सिंह ने बताया कि उनका चयन केबीसी में भीम यूपीआई के माध्यम से हुआ था। चयन के बाद वे मुंबई पहुंचीं, जहां शो की रिकॉर्डिंग के दौरान उनके साथ पति सुमित जैन, माता बीना सिंह और सास पवन जैन भी मौजूद रहीं।

यह भी पढ़ें- उदयपुर में भीषण हादसा: टैंकर से टकराया बेकाबू ट्रेलर, फिर छह वाहनों के उड़े परखच्चे; तीन लोगों की मौके पर मौत

 

उदयपुरवासियों को बिग बी का प्रणाम

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सिंह के आग्रह पर अमिताभ बच्चन ने उदयपुरवासियों को पूरे सम्मान के साथ प्रणाम किया। इस पल ने उदयपुर के दर्शकों में खास उत्साह भर दिया और शो से शहर का भावनात्मक जुड़ाव और मजबूत हुआ।

 

योग को समर्पित दंपति की पहचान

प्रतिभा सिंह और उनके पति सुमित जैन पिछले कई वर्षों से उदयपुर में योग प्रशिक्षण दे रहे हैं। मीरा नगर क्षेत्र में उनका ‘आउटडोर फिटकैंप’ नाम से योगा इंस्टीट्यूट संचालित है, जहां बड़ी संख्या में लोग योग सीखने पहुंचते हैं। केबीसी जैसे प्रतिष्ठित मंच पर उदयपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभा सिंह ने न केवल शहर का नाम रोशन किया, बल्कि योग के महत्व को भी व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाया।



Source link