

पूरी वारदात एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि आरोपी बार-बार सरिए से एटीएम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता है, लेकिन हर बार विफल रहता है।
सुबह जब एक स्थानीय व्यक्ति रुपए निकालने एटीएम पहुंचा तो मशीन को क्षतिग्रस्त देखकर भौंचक्का रह गया। उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एटीएम का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मामले की जांच कर रहे प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल रतनलाल जाट ने बताया कि वे रात करीब ढाई बजे गश्त के दौरान उसी एटीएम के सामने से निकले थे। क्षतिग्रस्त एटीएम देखकर उन्होंने तत्काल रुककर उसके फोटो लिए और उच्च अधिकारियों को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: पूर्व मंत्री महेश जोशी को JJM घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा बैंकों व एटीएम कंपनियों को पहले ही निर्देश दिए गए हैं कि यदि एटीएम रात 10 बजे के बाद खुला रखा जाए, तो वहां सशस्त्र गार्ड की व्यवस्था अनिवार्य है लेकिन संबंधित एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खेमली क्षेत्र में मौजूद अन्य तीन बैंकों के एटीएम रात 10 बजे के बाद बंद कर दिए जाते हैं लेकिन यह एटीएम पूरी रात खुला रहता था। इसकी फ्रेंचाइजी लेने वाले श्यामलाल डांगी ने बताया कि उन्हें प्रति ट्रांजेक्शन के हिसाब से कंपनी भुगतान करती है।
कंपनी की ओर से गार्ड लगाने को लेकर कोई स्पष्ट निर्देश नहीं दिए गए थे और अपने खर्च पर गार्ड लगाने की स्थिति नहीं रहती, इसलिए अब उन्होंने फैसला किया है कि रात 10 बजे के बाद एटीएम बंद रखा जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।