

उदयपुर जिले के फलासिया ब्लॉक में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान एक हृदयविदारक घटना सामने आई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरादीत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाषण देते समय पूर्व सरपंच को हार्ट अटैक आ गया। वे मंच पर ही लड़खड़ाकर गिर पड़े। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने पूर्व सरपंच को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे पूर्व सरपंच
जानकारी के अनुसार, खाटी कमदी पंचायत के पूर्व सरपंच भैरूलाल गोदड़ा (55) 26 जनवरी को विद्यालय में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। मार्च-पास्ट के दौरान वे लगभग दो मिनट 13 सेकंड तक चले। इसके बाद जैसे ही उन्होंने भाषण प्रारंभ किया, अचानक असहज महसूस करने लगे और मंच पर ही गिर पड़े।
चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद मंच पर मौजूद प्रधानाचार्य लक्ष्मण गमेर एवं अन्य शिक्षकों ने उन्हें संभाला। प्रधानाचार्य लक्ष्मण गमेर ने बताया कि तत्काल सीपीआर दी गई और उन्हें विद्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर मादड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: चाकू से घायल युवक की कोटा में इलाज के दौरान मौत, पिता बोले- आरोपियों ने पहले भी कराया था हमला
तीन बार रह चुके थे सरपंच
भैरूलाल गोदड़ा खाटी कमदी पंचायत के तीन बार सरपंच रह चुके थे और क्षेत्र में सामाजिक रूप से सक्रिय थे। उनके बड़े पुत्र गणेश मीणा ने बताया कि चिकित्सकों ने मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया है।