

जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां 27 सवारियों से भरी एक ओवरलोड जीप अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना डिंगावरी गांव के पास उस समय हुई, जब जीप बिलवन से कोटड़ा की ओर जा रही थी। चढ़ाई के दौरान अचानक जीप के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की लेकिन ओवरलोड होने के कारण जीप सड़क से फिसलते हुए सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कोटड़ा थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: रणथम्भौर में दो टाइगर आमने-सामने, जिप्सी के पास दहाड़ से सैलानी सहमे, देखें वीडियो
सभी घायलों को कोटड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रैफर किया गया है। तीनों मृतकों के शव को कोटड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि कोटड़ा राजस्थान का आदिवासी इलाका है, जहां परिवहन सुविधाओं की भारी कमी है। इसी कारण यहां 120 से अधिक जीपें नियमित रूप से संचालित होती हैं, जिनमें से अधिकांश तय क्षमता से कहीं अधिक सवारियां ढोती हैं। हादसे का शिकार हुई जीप में भी क्षमता से अधिक 27 यात्री सवार थे।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।