Udaipur News: टैक्स नहीं चुकाया तो नगर निगम ने लगाए ताले, बकाया यूडी टैक्स वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई
Udaipur News: टैक्स नहीं चुकाया तो नगर निगम ने लगाए ताले, बकाया यूडी टैक्स वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई


बकाया यूडी टैक्स की वसूली को लेकर उदयपुर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर सोमवार को निगम की राजस्व टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए चार बड़ी कमर्शियल प्रॉपर्टी को सीज कर दिया। इन संपत्तियों पर करीब 89 लाख रुपये से अधिक का यूडी टैक्स बकाया बताया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान कई व्यापारियों में हड़कंप मच गया। नगर निगम की टीम जब टाउन हॉल के पास स्थित ग्रेट स्टेन शॉप और हिरण मगरी स्थित सिद्धि विनायक पार्क की एक दुकान को सीज करने पहुंची, तो संबंधित दुकानदारों ने मौके पर ही पूरा बकाया टैक्स जमा कर दिया। भुगतान होते ही निगम की ओर से उन्हें राहत दे दी गई।

नगर निगम की टीम ने सबसे पहले अंबामाता स्कीम स्थित आर्ट सेंटर को सीज किया, जिस पर करीब 24 लाख 44 हजार रुपये का यूडी टैक्स बकाया है। इसके बाद नीमचखेड़ा स्थित ट्रेजर टाउन के LTV-007 पर 57 लाख 8 हजार रुपये बकाया होने के कारण ताले लगाए गए।

ये भी पढ़ें: Jhunjhunu News: उदयपुरवाटी में पैंथर का मूवमेंट, पहाड़ी से उतरकर आबादी एरिया में आया, वन विभाग अलर्ट

इसी तरह राड़ाजी चौराहा, अंबामाता स्थित वैदेही फूड प्लाजा पर 4 लाख 31 हजार 999 रुपये तथा बीएन कॉलेज के सामने सेवाश्रम क्षेत्र में स्थित चंद्रा मोटर्स पर 3 लाख 44 हजार 99 रुपये का टैक्स बकाया होने पर संबंधित संपत्तियों को सीज किया गया।

नगर निगम के राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर ने बताया कि इन सभी प्रॉपर्टी मालिकों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन टैक्स जमा नहीं कराने के कारण मजबूरन सीज करने की कार्रवाई करनी पड़ी।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद टैक्स नहीं चुकाने वालों को अब किसी तरह की राहत नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से 31 मार्च तक हाउस टैक्स और यूडी टैक्स में छूट दी जा रही है। यदि तय समय सीमा तक बकाया टैक्स जमा नहीं कराया गया तो आगे और भी सख्त कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त प्रॉपर्टियों को सीज किया जाएगा।

 



Source link