Udaipur Crime: नकबजनी मामले में हिस्ट्रीशीटर सहित दो गिरफ्तार, चोरी हुए सोने-चांदी के गहने 24 घंटे में बरामद
Udaipur Crime: नकबजनी मामले में हिस्ट्रीशीटर सहित दो गिरफ्तार, चोरी हुए सोने-चांदी के गहने 24 घंटे में बरामद


उदयपुर पुलिस ने नकबजनी की वारदात का तेजी से खुलासा करते हुए महज 24 घंटे में हिस्ट्रीशीटर कुन्दन सिंह कुशवाहा और उसके साथी मोहम्मद रफीक उर्फ टाटु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लगभग 8 तोला सोना और 300 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में भूपालपुरा थाना पुलिस ने की।

 

सीसीटीवी फुटेज ने खोली चोरी की परतें

19 नवंबर को लौहार कॉलोनी निवासी पीड़ित मुख्तार अहमद ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोना–चांदी के जेवरात, पर्स, दस्तावेज और एक कैमरा चोरी कर ले गए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर कुन्दन कुशवाहा अपने साथी के साथ संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में उसने वारदात कबूल की और साथी रफीक उर्फ टाटु का नाम बताया।

 

निशानदेही पर पूरा चोरी का माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए जेवरात और अन्य सामान बरामद किया। बरामदगी में सोने का नेकलेस, सोने के टॉप्स, अंगूठी, 3 सोने की बाली, 8 सोने के लौंग, 3 जोड़ी चांदी की पायल, 5 चांदी की बिछिया, ओलंपस कंपनी का कैमरा, पर्स और दस्तावेज शामिल हैं। कुल बरामद माल में लगभग 8 तोला सोना और 300 ग्राम चांदी है।

यह भी पढ़ें- Rajasthan: सरकारी योजनाओं में करोड़ों की ठगी उजागर, ई-मित्र संचालक गिरफ्तार, मास्टरमाइंड विक्रम से जुड़े तार

 

उच्चाधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा, वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छगन पुरोहित के सुपरविजन में और थानाधिकारी आदर्श कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच भी की जा रही है।



Source link