

बॉलीवुड के महानायक और ही-मैन के रूप में मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र के देहांत की खबर ने पूरे देश को शोक में डाल दिया है। सोशल मीडिया से लेकर फिल्म जगत तक श्रद्धांजलि की लहर दौड़ गई है। इसी बीच उदयपुर के युवा कलाकार और शेफ हर्षवर्धन की अनोखी श्रद्धांजलि ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
तरबूज पर बारीकी से उकेरी धर्मेंद्र की जीवंत छवि
शेफ हर्षवर्धन ने अपनी मशहूर तरबूज कार्विंग कला का उपयोग करते हुए धर्मेंद्र की तस्वीर तरबूज पर उकेरी। तरबूज पर बनाई गई इस कलाकृति में अभिनेता का चेहरा इतना जीवंत और आकर्षक दिखाई देता है कि देखने वालों को ऐसा लगता है मानो अभिनेता का पूरा व्यक्तित्व इस फल पर उभर आया हो। यह अनूठी श्रद्धांजलि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
धर्मेंद्र से बचपन से प्रेरणा लेते आए हर्षवर्धन
हर्षवर्धन ने बताया कि धर्मेंद्र उनके बचपन के पसंदीदा अभिनेता रहे हैं और उन्होंने उनकी फिल्मों को देखकर ही बड़ा होते हुए अभिनय और व्यक्तित्व की बारीकियां सीखी हैं। धर्मेंद्र का अंदाज, संवाद शैली और लव कैरेक्टर में उनका अभिनय हमेशा उन्हें प्रेरित करता रहा। इसी भावनात्मक लगाव ने उन्हें इस खास कलाकृति के जरिए श्रद्धांजलि देने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: ‘छात्राओं को कमरे में अकेला बुलाता था, सोशल मीडिया ID मांगता था और…’; प्रिंसिपल पर भी गंभीर आरोप
देशभर में पहचाने जाती है हर्षवर्धन की कार्विंग कला
तरबूज कार्विंग में हर्षवर्धन देशभर में अपनी अनूठी पहचान बना चुके हैं। इससे पहले भी वे कई खास मौकों पर चर्चित कलाकृतियां बना चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर तरबूज पर उकेरी गई उनकी तस्वीर भी काफी सुर्खियों में रही थी। हर्षवर्धन की कला की विशेषता यह है कि वे केवल चेहरे की आकृति नहीं बनाते, बल्कि बारीकियों को इतने कौशल से उभारते हैं कि उनमें जीवंतता झलकने लगती है।