

उदयपुर दौरे पर आए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने भारतीय आदिवासी पार्टी को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने BAP पार्टी की गतिविधियों की तुलना नक्सलियों से करते हुए कहा कि जिस प्रकार उनके नेता आंदोलन करते हैं, वह युवाओं को गुमराह कर अराजकता की ओर धकेलने जैसा है।
अराजकता और अलगाव की राजनीति का आरोप
उदयपुर स्थित बीजीपी कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए राठौड़ ने कहा कि BAP पार्टी के नेता अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं और नक्सलवाद की तर्ज पर युवाओं को आगे बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने हाल में उठी अलग भील प्रदेश की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को तोड़ने की सोच रखने वालों को देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
BAP सांसद के बयानों पर उठाए सवाल
राजेंद्र सिंह राठौड़ ने BAP सांसद राजकुमार रोत के बयानों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जो लोग सवाल पूछने के बदले पैसे लेने की बात करते हैं, उनकी सच्चाई अब सामने आ चुकी है। उनके अनुसार BAP का राजनीतिक विस्तार जितना होना था, वह हो चुका है और आने वाले पंचायती राज व निकाय चुनाव इस बात की परीक्षा साबित होंगे।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: ‘रोते घूमने से भाजपा की सीट नहीं आएगी’, ग्रामीणों ने जालौर में विकास रथ रोका, एलईडी टीवी बंद कराई
बीजेपी को बताया कार्यकर्ताओं की पार्टी
राठौड़ ने भारतीय जनता पार्टी को कार्यकर्ताओं पर आधारित पार्टी बताते हुए कहा कि संगठन में हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने वसुंधरा राजे के कार्यकाल को स्वर्णिम काल बताया और कहा कि मौजूदा भजनलाल सरकार ने मात्र दो वर्षों में ही राजस्थान की तकदीर और तस्वीर बदल दी है।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र में विधानसभा सबसे बड़ा मंच है। आगामी विधानसभा सत्र में बीजेपी कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल की तुलना में अपने दो वर्षों के काम को आंकड़ों के साथ जनता के सामने रखने में सक्षम है।
इस दौरान उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह सहित कई भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।