भारतीय कृषि बीमा निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता सुपारस भंडारी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि आज भारत की पहचान महात्मा गांधी से नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होती है। भंडारी ने इस बयान को बेतुका, दुर्भाग्यपूर्ण बताया। बोले- गांधी पूरी दुनिया में मानवता के प्रतीक भंडारी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का अपने नेता का सम्मान करना उसका अधिकार है, लेकिन इसके लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के योगदान और व्यक्तित्व को कमतर आंकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि गांधी केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अहिंसा, सत्य और मानवता के प्रतीक के रूप में सम्मानित हैं। उन्होंने महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन का उल्लेख करते हुए कहा कि आइंस्टीन ने भी गांधी के व्यक्तित्व की अद्वितीयता को स्वीकार किया था। भंडारी ने कहा कि अमेरिकी नागरिक अधिकार आंदोलन के नेता मार्टिन लूथर किंग जूनियर तथा दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला भी गांधी के विचारों से प्रेरित थे। उन्होंने कहा कि गांधी किसी पद के कारण महान नहीं बने, बल्कि उनके विचारों और जीवन मूल्यों ने उन्हें विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई। भंडारी ने आरोप लगाया कि शेखावत का बयान जोधपुर और मारवाड़ की गरिमा के अनुरूप नहीं है तथा उन्हें इस टिप्पणी के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की आत्मा में बसने वाले गांधी की तुलना किसी भी समकालीन नेता से नहीं की जा सकती। भाजपा जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ किया नाले का निरीक्षण आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए लाखोटिया तालाब क्षेत्र से बहने वाले अतिरिक्त पानी की निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है। भारतीय जनता पार्टी पाली के जिलाध्यक्ष सुनील भण्डारी ने बताया कि लाखोटिया तालाब के ओवरफ्लो होने पर चादर वाले बालाजी एवं हाथी की समाधि के पास से बहने वाला अतिरिक्त पानी रामदेव रोड पुलिया, दुर्गा कॉलोनी, पुनायता रोड और विकास नगर होते हुए बांडी नदी में पहुंचता है। इस मार्ग पर रीको एवं नगर निगम के दो अलग-अलग नाले बने हुए हैं। इनमें से रीको का नाला पिछले कई सालों से गंदगी और कचरे से भरा हुआ था, जिसके कारण बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित हो जाती थी और आसपास की बस्तियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती थी। समस्या के समाधान के लिए रीको अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाया गया। जिसके बाद रीको नाले की सफाई का कार्य शुरू करवाया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने रीको एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया तथा जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम से जुड़े अन्य छोटे नालों की भी समय रहते सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। निरीक्षण के दौरान भाजपा सोमनाथ मंडल अध्यक्ष सुरेश पंवार, मंडल महामंत्री प्रतापसिंह मारवाड़ी, पूर्व पार्षद सुमेर संभवानी, नारायणलाल घांची, विनोद जीनगर, दुर्गाराम, कैलाश, राहुल मेवाड़ा तथा क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे। तमिलनाडु में मारवाड़ी समाज का सम्मान तमिलनाडु सरकार के राजस्व मंत्री के.ए. सेनगोटीयन ने कहा कि मारवाड़ी समाज तमिलनाडु का अभिन्न अंग है। समाज ने अपनी ईमानदारी, व्यापारिक कुशलता और सामाजिक व्यवहार से पूरे प्रदेश में विशिष्ट पहचान बनाई है। राज्य सरकार उनके हितों की रक्षा तथा व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। वे इरोड में जैन संघ एवं मारवाड़ी समाज तमिलनाडू की ओर से आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में मंत्री का जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष प्रकाश जैन के नेतृत्व में स्वागत किया गया। शहर में रैली निकालकर उन्हें समारोह स्थल तक लाया गया। राजस्व मंत्री ने कहा कि मारवाड़ी समाज की ओर से उनके सिर पर बांधी गई पगड़ी उनके लिए सम्मान और विश्वास का प्रतीक है, जिसका वे सदैव मान रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार कर रहे मारवाड़ी समाज ने राज्य के विकास और सरकार को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समारोह में प्रकाश जैन ने कहा कि तमिलनाडु में व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण मिला है और मारवाड़ी समाज यहां की संस्कृति एवं परंपराओं का सम्मान करते हुए प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने समाज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को भी मंत्री के समक्ष रखा। इस अवसर पर उद्योगपति बाबूलाल जैन, राकेश चोरडिया, मानमल जेठिया, मुकेश जैन सहित अनेक व्यापारी, समाजसेवी एवं मारवाड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Source link