Udaipur: फीफा वर्ल्ड कप के लिए डॉ. सक्का ने तैयार किए सबसे छोटे गोल्डन बूट और फुटबॉल, विजेताओं को करेंगे भेंट
Udaipur: फीफा वर्ल्ड कप के लिए डॉ. सक्का ने तैयार किए सबसे छोटे गोल्डन बूट और फुटबॉल, विजेताओं को करेंगे भेंट


झीलों की नगरी उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण शिल्पी, विश्व रिकॉर्ड धारक डॉ. इक़बाल सक्का ने एक बार फिर अपनी सूक्ष्म कला से दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। इस बार उन्होंने फीफा विश्व कप 2026 के लिए विश्व के सबसे छोटे गोल्डन बूट, सिल्वर बूट, ब्रॉन्ज बूट और फुटबॉल तैयार किए हैं। उनका कहना है कि इन विशेष कलाकृतियों को वे भारत के 140 करोड़ खेल प्रेमियों की ओर से टूर्नामेंट के शीर्ष गोल स्कोररों को भेंट करना चाहते हैं।

डॉ. सक्का द्वारा तैयार की गई ये सूक्ष्म कलाकृतियां राई और अंजीर के दाने के बराबर आकार की हैं। इन्हें सामान्य आंखों से देख पाना संभव नहीं है। विशेष लेंस की सहायता से देखने पर हरे फुटबॉल मैदान पर रखे गोल्डन बूट, सिल्वर बूट, ब्रॉन्ज बूट और हवा में उड़ती फुटबॉल स्पष्ट दिखाई देती है। इनका स्वरूप फीफा के आधिकारिक पुरस्कारों से प्रेरित बताया गया है।

डॉ. सक्का ने अपनी इस कलाकृति को केवल खेल सम्मान तक सीमित नहीं रखा है। उन्होंने सूक्ष्म आकार में सात रंगों वाला विश्व शांति का इंद्रधनुषी ध्वज, भारतीय तिरंगा और FIFA अंकित सफेद ध्वज भी तैयार किया है। उनका कहना है कि इन प्रतीकों के माध्यम से भारत की ओर से पूरी दुनिया को शांति, भाईचारे और खेल भावना का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

ये भी पढ़ें: Dausa News: टोल प्लाजा पर विधायक से आई कार्ड मांगना भारी पड़ा, हंगामे के बाद टोलकर्मी पर शांतिभंग की कार्रवाई

फीफा और एआईएफएफ को भेजा प्रस्ताव

डॉ. सक्का ने बताया कि उनकी इच्छा है कि फीफा विश्व कप 2026 में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी को गोल्डन बूट, दूसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को सिल्वर बूट और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को ब्रॉन्ज बूट के साथ ये विशेष सूक्ष्म कलाकृतियां भी भारत के खेल प्रेमियों की ओर से भेंट की जाएं। इसके लिए उन्होंने फीफा मुख्यालय, ज्यूरिख (स्विट्जरलैंड) तथा अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ, नई दिल्ली को पत्र भेजकर सहयोग का अनुरोध किया है।

गौरतलब है कि डॉ. इकबाल सक्का अपनी अनूठी सूक्ष्म कला के लिए देश-विदेश में पहचान रखते हैं। उनके नाम 211 विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। इससे पहले भी वे भगवान जगन्नाथ का दुनिया का सबसे छोटा रथ, सूक्ष्म प्रतिमाएं और कई अन्य अद्भुत कलाकृतियां बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर चुके हैं।

यदि फीफा की ओर से उनके प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है, तो यह पहली बार होगा जब भारत की ओर से विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर खिलाड़ियों को इस प्रकार की अनूठी सूक्ष्म कलाकृतियां भेंट की जाएंगी। यह पहल खेल सम्मान के साथ-साथ भारतीय शिल्पकला और विश्व शांति के संदेश को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास मानी जा रही है।

 



Source link